जैनाबाद में धूमधाम से मनी महाराणा प्रताप की 486वीं जयंती, 1 करोड़ के विकास कार्य स्वीकृत
जैनाबाद, ब्रह्मपुर, 17 जून 2026: वीर शिरोमणी श्री महाराणा प्रताप जन्मोत्सव समिति जैनाबाद-ब्रह्मपुर के तत्वावधान में सूर्यपुत्री मां ताप्ती के तट पर स्थित बलवार टेकरी, जैनाबाद में वीर शिरोमणी महाराणा प्रताप की 486वीं जयंती धूमधाम से मनाई गई।
समिति के संयोजक महेशसिंह चौहान ने बताया कि ग्राम बलवार टेकरी में यह आयोजन विगत 10 वर्षों से, 2016 से लगातार किया जा रहा है। तिथि अनुसार बुधवार 17 जून को सायं 4 बजे से आयोजित जन्मोत्सव कार्यक्रम में नेपानगर विधायक सुश्री मंजू राजेन्द्र दादू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
कार्यक्रम में ठाकुर संतोषसिंह दीक्षित, श्रीमती प्रीति सिंह राठौड़, जिला पंचायत सदस्य अनिल राठौड़, हिन्दू जागरण मंच के प्रान्त सदस्य अजित परदेशी, ठाकुर प्रियांक सिंह, जिला संयोजक योगेश सोनवणे, अरविंदसिंह ठाकुर, जयसिंहपुरा सरपंच दिगंबरसिंह कुशवाह, जैनाबाद सरपंच महेन्द्र इंगले, भाजपा युवा नेता विश्वास शिवहरे सहित समिति सदस्य चिमनसिंह बेनीवाल, युवराजसिंह समशावादी, नटवरसिंह अतिरिस आदि मौजूद रहे।
वक्ताओं ने महाराणा प्रताप के साहसिक युद्धों के किस्से साझा किए और कहा कि “महाराणा प्रताप जैसा अद्भुत, अद्वितीय, अदम्य साहस वाला शूरवीर संपूर्ण विश्व में और कोई नहीं हो सकता।”
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि विधायक मंजू राजेन्द्र दादू ने महाराणा प्रताप की आदमकद प्रतिमा व ताप्ती नदी के तट पर घाट निर्माण हेतु “माँ ताप्ती रिवरव्यू कॉरीडोर” के लिए लगभग 1 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की। इस पर जैनाबाद व जयसिंहपुरा ग्राम पंचायत के वरिष्ठ नागरिकों ने सांसद ज्ञानेश्वर पाटील व विधायक मंजू राजेन्द्र दादू का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का आयोजन महाराणा प्रताप उत्सव समिति जैनाबाद व महेशसिंह चौहान द्वारा किया गया।


