बुरहानपुर

अर्चना चिटनिस ने लोधीपुरा उद्योग नगर में 1.95 करोड़ रुपए के निर्माणाधीन विकास कार्यों का किया निरीक्षण, उद्योगपतियों से संवाद कर सुनीं समस्याएं

अर्चना चिटनिस ने लोधीपुरा उद्योग नगर में 1.95 करोड़ रुपए के निर्माणाधीन विकास कार्यों का किया निरीक्षण, उद्योगपतियों से संवाद कर सुनीं समस्याएं
बुरहानपुर। विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी) ने बुरहानपुर के औद्योगिक विकास को नई गति देने की दिशा में लोधीपुरा स्थित उद्योग नगर का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने मध्यप्रदेश शासन से स्वीकृत 1 करोड़ 95 लाख 40 हजार रुपए की लागत से निर्माणाधीन अधोसंरचना विकास कार्यों का स्थल पर पहुंचकर जायजा लिया तथा कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति एवं समय-सीमा की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूर्ण किए जाएं, ताकि उद्योगों को बेहतर आधारभूत सुविधाओं का लाभ मिल सके।
निरीक्षण के दौरान श्रीमती चिटनिस ने निर्माणाधीन सीमेंट कंक्रीट सड़क, नाली निर्माण, जल निकासी व्यवस्था, आंतरिक मार्गों के चौड़ीकरण सहित विभिन्न अधोसंरचना कार्यों का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों से प्रत्येक कार्य की तकनीकी जानकारी प्राप्त करते हुए कहा कि उद्योग नगर का विकास भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर किया जाना चाहिए। इसी क्रम में उद्योग क्षेत्र की सभी नालियों को एकीकृत कर एक स्थान तक लाने तथा वहां सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) स्थापित करने की योजना पर भी विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसी व्यवस्था विकसित की जाए जिससे उद्योग क्षेत्र से निकलने वाले अपशिष्ट जल का वैज्ञानिक तरीके से उपचार (ट्रीटमेंट) किया जा सके, जल प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण हो तथा उपचारित जल का आवश्यकता अनुसार पुनः उपयोग भी किया जा सके।
निरीक्षण के उपरांत श्रीमती चिटनिस ने उद्योगपतियों के साथ विस्तृत संवाद किया और उनकी समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुना। उद्योगपतियों ने सड़क, पानी, नाली, जल निकासी, बार-बार बिजली बाधित होने, बिजली सब्सिडी के लंबित प्रकरण तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं से संबंधित समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। श्रीमती चिटनिस ने सभी विषयों पर संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बिजली से संबंधित समस्याओं पर उन्होंने विद्युत विभाग के अधीक्षण यंत्री से दूरभाष पर चर्चा कर उद्योग क्षेत्र में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने, बार-बार बिजली बंद होने की समस्या का स्थायी समाधान करने तथा बिजली सब्सिडी से संबंधित लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने के निर्देश दिए।
श्रीमती चिटनिस ने बताया कि उनके सतत प्रयासों से मध्यप्रदेश शासन द्वारा लोधीपुरा उद्योग नगर के अधोसंरचना विकास के लिए 1 करोड़ 95 लाख 40 हजार रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। इस राशि से सड़क, नाली, जल निकासी एवं अन्य आधारभूत विकास कार्यों को गति मिली है। उन्होंने इस स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चौतन्य काश्यप के प्रति आभार व्यक्त किया।
निरीक्षण के दौरान उद्योगपतियों ने उद्योग नगर के समग्र विकास के लिए कुछ अन्य आवश्यक कार्यों की भी मांग रखी। इस पर श्रीमती चिटनिस ने उद्योग आयुक्त से चर्चा कर अतिरिक्त 1 करोड़ रुपए की स्वीकृति दिलाने की पहल की। साथ ही जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक आत्माराम सोनी को शेष कार्यों का विस्तृत एस्टीमेट तैयार कर शीघ्र शासन को भेजने के निर्देश दिए, ताकि आगामी चरण में भी विकास कार्यों की स्वीकृति प्राप्त हो सके।
इस अवसर पर उद्योगपतियों ने लोधीपुरा उद्योग नगर के विकास के लिए 1 करोड़ 95 लाख 40 हजार रुपए की स्वीकृति दिलाने पर श्रीमती अर्चना चिटनिस का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि दीदी के सतत प्रयासों से वर्षों से लंबित आधारभूत सुविधाओं के विकास को गति मिली है। उद्योगपतियों ने उनके विकास कार्यों, सक्रिय कार्यशैली और समस्याओं के त्वरित समाधान के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में उद्योग नगर का समग्र विकास होगा तथा शेष आवश्यक कार्यों के लिए भी शीघ्र स्वीकृति प्राप्त होगी।
श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कहा कि लोधीपुरा उद्योग नगर बुरहानपुर की औद्योगिक प्रगति का आधार है। आधुनिक सड़क, नाली, जल निकासी, विद्युत एवं पर्यावरण अनुकूल अधोसंरचना विकसित होने से नए उद्योगों और निवेश को प्रोत्साहन मिलेगा, उत्पादन क्षमता बढ़ेगी तथा स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि बुरहानपुर को प्रदेश के अग्रणी औद्योगिक केंद्र के रूप में विकसित करना उनकी प्राथमिकता है और इसके लिए शासन स्तर पर निरंतर प्रभावी प्रयास जारी रहेंगे।
इस दौरान सुरेश लखोटिया, प्रमोद भंडारी, प्रदीप मित्तल, उनैद अंसारी, धनेन्द्र पुरोहित, प्रदीप केडि़या, रवि गुप्ता सहित उद्योगपति व अधिकारीगण मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button