बुरहानपुर

टंट्या भील महानाट्य ने सतपुड़ा की वादियों में जगाई देशभक्ति की अलख


टंट्या भील महानाट्य ने सतपुड़ा की वादियों में जगाई देशभक्ति की अलख

नेपानगर, 22 मई 2026।
जननायक टंट्या भील के अदम्य साहस, बलिदान एवं अंग्रेजों के दमन-अत्याचार के विरुद्ध उनके संघर्ष को समर्पित भव्य “रॉबिन हुड ऑफ इंडिया” महानाट्य एवं लाइट एंड साउंड शो का आयोजन 22 मई 2026 की शाम नेपानगर जागृति कला केंद्र द्वारा संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार एवं नेपा लिमिटेड, नेपानगर के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य आज की युवा पीढ़ी को जनजातीय वीर क्रांतिकारियों के संघर्ष, शौर्य और बलिदान से परिचित कराना रहा।
कार्यक्रम के निर्देशक मुकेश दरबार ने स्वागत उद्बोधन देते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा से उपस्थित जनसमूह को अवगत कराया। उन्होंने कहा कि इतिहास में कई ऐसे जनजातीय वीर क्रांतिकारी रहे हैं, जिन्हें इतिहास के पन्नो पर उचित स्थान नहीं मिल पाया। उनकी शहादत और संघर्ष गाथाओं को जन-जन तक पहुंचाना ही संस्था का मुख्य उद्देश्य है, ताकि देशप्रेम, भाईचारे और राष्ट्रभक्ति की भावना समाज में जागृत हो सके। मुकेश दरबार ने बताया कि उनकी कला यात्रा का यह पहला आयोजन था, जो खुले प्राकृतिक मंच पर सतपुड़ा की वादियों एवं पेड़ों के बीच आयोजित किया गया।
मुख्य अतिथि राम अलागेसन ने कहा कि ऐसे आयोजनों से निश्चित रूप से देश प्रेम की भावना जागृत होती है, निमाड़ के टंट्या भील की शहादत को नाट्य मंचन के माध्यम से प्रस्तुत करना निश्चित रूप से सराहनीय कार्य है, कम संसाधनों में बड़ा आयोजन करना बड़ी बात है, उन्होंने मुकेश दरबार और उनकी पूरी टीम को शुभकामनाएं भी दी |
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही थाना प्रभारी ज्ञानु जेसवाल ने उक्त अवसर पर कहा कि ऐसे आयोजनों से देश में अच्छा संदेश जाता हैं, लोगों को टंट्या भील की शहादत के बारे में या तो जानकारी नहीं है, या बहुत कम है , ऐसे आयोजन से उनके बारे में जानकारी मिलना उनके प्रति सम्मान के साथ साथ जागरूकता भी लाता है, उन्होंने दरबार से कहा कि वीर वीरांगनाओं की शहादत को आप नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से एसे ही सजीव चित्रण प्रस्तुत करते रहे ताकि आज की पीढ़ी उनकी शहादत को जान सके |
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राम अलागेसन, मुख्य महाप्रबंधक नेपा लिमिटेड नेपानगर ,ज्ञानु जेसवाल थाना प्रभारी नेपानगर ,प्रवीण चंद सोनी, अध्यक्ष नेपा मिल श्रमिक संघ, शुभ्रजीत दास सम्पदा विभाग नेपा लिमिटेड ,महेश पवार ,ए.ई. MPEB ,वंदना जवादे प्राचार्य सिटीजन हाई सेकेंडरी स्कूल नेपानगर ,मीना लोंधे ,राजेश बोडस सहित उपस्थित अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। खुले मंच पर आयोजित इस भव्य प्रस्तुति को देखने बड़ी संख्या में दर्शक गण उपस्थित रहे तथा दर्शकों ने कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। इस महा नाट्य के माध्यम से युवा पीढ़ी को उन वीर जननायकों से परिचित कराया गया, जिनकी शहादत के कारण आज देश स्वतंत्रता की खुली सांस ले रहा है।
संस्था द्वारा इससे पूर्व भी “भीमा नायक”, “वीरांगना रानी दुर्गावती”, “वीरांगना रानी अवंतीबाई ”, “जलियांवाला बाग : लहू की गाथा” शक्ति गाथा ,हनुमान लीला जैसे भव्य नाट्यों का सफल मंचन किया जा चुका है।
कला भवन प्रांगण के प्राकृतिक वातावरण में प्रस्तुत इस लाइट एंड साउंड शो ने कार्यक्रम को अद्भुत और जीवंत बना दिया। माटी से जुड़े कलाकारों ने माटी पर प्रस्तुति देकर अपने आप को गोरवान्वित महसूस किया | कलाकारों ने अपने प्रभावशाली अभिनय एवं प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और कार्यक्रम के दौरान तालियों की गूंज ने उनका उत्साह वर्धन किया ।
इस सफल महानाट्य का कुशल निर्देशन मुकेश दरबार द्वारा किया गया। मुख्य कलाकारों में संजय रोडे, रविंद्र हनोते, दिलीप शिंदे, सैयद निसार, प्रकाश केदारे, जीवन जमुनकर, सैयद तौकीर, रेशमा अहमद, पार्वती दलाल,अर्पिता दलाल , जानवी मधु आचार्य, आयुषी दलाल एवं मुकेश दरबार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कलाकारों ने अपने अभिनय एवं सजीव प्रस्तुति से दर्शकों को भावविभोर कर दिया।
संस्था की मीना लोंधे, राजेश बोडस,बेबी बालन, अथर्व दरबार एवं शेख वसीम ने आयोजन की व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम का कुशल संचालन नेपा लिमिटेड, नेपानगर के जनसंपर्क अधिकारी संदीप ठाकरे ने किया तथा आभार प्रदर्शन राजेश बोडस द्वारा किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button