बुरहानपुर

बुरहानपुर

संत शिरोमणि सेनाजी महाराज पुण्यतिथि महोत्सव में अर्चना चिटनिस का तुलादान, सेन समाज भवन निर्माण के लिए 25 लाख रुपए की घोषणा
बुरहानपुर। संत शिरोमणि सेनाजी महाराज की पुण्यतिथि के अवसर पर विशानागर वाड़ी, प्रतापपुरा में आयोजित संत शिरोमणि सेनाजी महाराज पुण्यतिथि महोत्सव एवं मेधावी छात्र सम्मान समारोह-2026 श्रद्धा, उत्साह और सामाजिक समरसता के वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी) सम्मिलित हुईं और संत शिरोमणि सेनाजी महाराज के चरणों में श्रद्धासुमन अर्पित कर उनका पुण्य स्मरण किया।
इस अवसर पर समाज के मेधावी विद्यार्थियों एवं विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले प्रतिभाशाली समाज बंधुओं एवं बहनों का सम्मान किया गया। विधायक श्रीमती अर्चना चिटनिस ने मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान को समाज के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए विद्यार्थियों की प्रतिभा, परिश्रम और उपलब्धियों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम का एक विशेष एवं भावनात्मक क्षण उस समय रहा, जब सेन समाजजनों द्वारा विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस का लड्डुओं से तुलादान किया गया। समाज के वरिष्ठजनों एवं उपस्थित समाज बंधुओं द्वारा अर्चना चिटनिस का आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया। इस अवसर पर मिले अपार स्नेह और सम्मान के लिए अर्चना चिटनिस ने सेन समाज के वरिष्ठजनों, आयोजन समिति एवं समस्त समाज बंधुओं का हृदय से आभार व्यक्त किया।
इस दौरान श्रीमती अर्चना चिटनिस ने सेन समाज के भवन निर्माण के लिए 25 लाख रुपए की राशि प्रदान करने की घोषणा की। यह घोषणा समाज के लिए स्थायी सामाजिक एवं सामुदायिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। समाज भवन के निर्माण से सेन समाज के सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सामुदायिक आयोजनों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होने का मार्ग प्रशस्त होगा।
श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कहा कि संत शिरोमणि सेनाजी महाराज के जीवन और उनके विचार आज भी समाज को सेवा, सदाचार, सामाजिक समरसता और मानवता का मार्ग दिखाते हैं। उनके आदर्शों को आत्मसात करते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग को शिक्षा, संस्कार और संगठन की शक्ति के माध्यम से आगे बढ़ने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान केवल उनकी उपलब्धियों का सम्मान नहीं है, बल्कि यह आने वाली पीढ़ी को आगे बढ़ने, कठिन परिश्रम करने और अपने लक्ष्य प्राप्त करने के लिए प्रेरित करने का माध्यम भी है। समाज के प्रतिभाशाली बच्चों को उचित प्रोत्साहन और अवसर प्रदान कर हम एक सशक्त एवं शिक्षित समाज की नींव को और मजबूत कर सकते हैं। संत शिरोमणि सेनाजी महाराज पुण्यतिथि महोत्सव ने एक ओर जहां संत परंपरा, सामाजिक समरसता और संस्कारों का संदेश दिया, वहीं मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान एवं समाज के प्रतिभाशाली बंधुओं के अभिनंदन के माध्यम से शिक्षा और प्रतिभा के महत्व को भी रेखांकित किया।
कार्यक्रम के अंत में श्रीमती अर्चना चिटनिस ने आयोजन समिति एवं समस्त समाजजनों को इस भव्य एवं सार्थक आयोजन के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दीं तथा संत शिरोमणि सेनाजी महाराज से सभी के सुख, समृद्धि, उन्नति एवं मंगलमय जीवन की प्रार्थना की। सेन समाज के स्नेह, सम्मान और आत्मीयता से सराबोर यह आयोजन सामाजिक एकता, शिक्षा, प्रतिभा सम्मान और समाज के विकास के संकल्प का प्रेरणादायी अवसर बन गया।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ.मनोज माने, महापौर श्रीमती माधुरी पटेल, नगर निगमाध्यक्ष श्रीमती अनिता अमर यादव, मुकेश शाह, श्रीमती पदमा गणेश वारूड़े, गजानन वारूडे़, रूद्रेश्वर एंडोले, किशोर राठौर, अमर यादव, भगवान नायदे, अजय वाघ, मनोज वाघ, प्रमोद वाघ, अक्षय मोरे, गौरव शिवहरे, सौरभ परिवाले, राजेन्द्र वारूड़े, प्रविण वाघे, मनोज वारूड़े एवं पन्नालाल वारूड़े सहित जनप्रतिनिधि व समाजजन उपस्थित रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button