हर घर तिरंगा अभियान- रिमझिम बारिश के बीच निकली तिरंगा यात्रा

हर घर तिरंगा अभियान- रिमझिम बारिश के बीच निकली तिरंगा यात्रा
देशभक्ति, राष्ट्रप्रेम एवं राष्ट्रीय एकता के संदेश के साथ, हाथों में तिरंगा लेकर जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, गणमान्य नागरिकों, युवाओं एवं स्कूली विद्यार्थियों ने की सहभागिता
बुरहानपुर/11 अगस्त, 2024/- स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में प्रदेश सहित जिले में संचालित ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के अंतर्गत मंगलवार को देशभक्ति, राष्ट्रप्रेम एवं एकता की भावना के साथ तिरंगा यात्रा निकाली गई। रिमझिम बारिश के बीच तिरंगा यात्रा कमल टॉकीज चौराहा से प्रारंभ हुई, यह यात्रा गांधी चौक, सुभाष चौक, इकबाल चौक, जयस्तंभ एवं शिवकुमार सिंह चौराहा, प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः कमल टॉकीज चौराहा पर संपन्न हुई। यात्रा के दौरान सहभागियों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। यात्रा में देशभक्ति के नारों ने पूरे मार्ग को राष्ट्रप्रेम की भावना से रंग दिया। तिरंगा यात्रा का रहवासियों द्वारा पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया।
तिरंगा यात्रा में विधायक श्रीमती अर्चना चिटनिस, महापौर श्रीमती माधुरी पटेल, अन्य जनप्रतिनिधिगण, कलेक्टर श्री हर्ष सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री आशुतोष बागरी, अधिकारीगण, गणमान्य नागरिकों, सामाजिक संगठनों के सदस्यों, महिलाओं, युवाओं एवं बड़ी संख्या में स्कूली विद्यार्थियों ने भी यात्रा में सहभागिता की। तिरंगा यात्रा के माध्यम से जिले के प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान एवं गौरव की भावना से जोड़ने का संदेश दिया गया।



