बुरहानपुर

सेवा संकल्प अभियान-बुरहानपुर में होगा एक माह विशेष स्वच्छता

सेवा संकल्प अभियान-बुरहानपुर में होगा एक माह विशेष स्वच्छता अभियान-अर्चना चिटनिस
बुरहानपुर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता, पौधारोपण और विभिन्न सेवा गतिविधियों को व्यापक रूप दिया जाएगा। विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी) ने बुरहानपुर जनपद पंचायत सभागृह में आयोजित समीक्षा बैठक में अभियान की तैयारियों एवं कार्ययोजना पर चर्चा करते हुए गांव-गांव नियमित कचरा संग्रहण, कचरे के व्यवस्थित निष्पादन, पौधारोपण और जनभागीदारी को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। बैठक में जिला पंचायत सीईओ सृजन वर्मा, जनपद पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रदीप पाटिल, जनपद पंचायत सीईओ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, सरपंच, सचिव एवं संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग को सेवा, सहयोग और जनभागीदारी से जोड़ने का दृढ़ संकल्प है। उन्होंने आह्वान किया कि अभियान को जन-जन तक पहुंचाते हुए ‘एक व्यक्ति, एक सेवा संकल्प’ के मंत्र को जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के जनसेवा के 25 वर्षों के यशस्वी और प्रेरणादायी सफर से ऊर्जा लेते हुए राष्ट्र निर्माण और समाज के उत्थान के इस महायज्ञ में सभी को सक्रियता के साथ योगदान देना है। प्रधानमंत्री जी के सेवाभाव को आत्मसात करते हुए समाज के हर जरूरतमंद तक पहुंचना और उसके जीवन में सहयोग का भाव जगाना हम सभी का दायित्व है।
गांव-गांव नियमित कचरा संग्रहण पर जोर
श्रीमती चिटनिस ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के दौरान प्रत्येक ग्राम पंचायत में नियमित कचरा संग्रहण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। घरों एवं सार्वजनिक स्थानों से कचरा नियमित रूप से एकत्रित हो तथा उसके व्यवस्थित निष्पादन की व्यवस्था हो। खुले में कचरा न जाए और गांवों में स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बने, इसके लिए पंचायत स्तर पर ठोस व्यवस्था विकसित की जाए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता के लिए केवल एक-दो दिन सफाई अभियान चलाना पर्याप्त नहीं है। कचरा संग्रहण और उसके व्यवस्थित निष्पादन को गांव की स्थायी कार्यप्रणाली का हिस्सा बनाया जाए। पंचायत प्रतिनिधियों, ग्रामीणों और संबंधित विभागों की सहभागिता से इस व्यवस्था को निरंतर प्रभावी रखा जाए। पंचायतों में स्वच्छता एवं कचरा प्रबंधन की व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए शाहपुर नगर परिषद और नगर निगम बुरहानपुर के अनुभव एवं संसाधनों का सहयोग लेने पर भी चर्चा हुई।
5 से 10 फीट ऊंचे तैयार पौधों से होगा पौधारोपण
बैठक में पर्यावरण संरक्षण एवं पौधारोपण को लेकर भी विशेष चर्चा हुई। श्रीमती चिटनिस ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भारत के संकल्प को गांव-गांव तक पहुंचाते हुए व्यापक पौधारोपण किया जाए। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में पौधारोपण के लिए 5 से 10 फीट ऊंचे तैयार पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पौधारोपण के साथ पौधों की सुरक्षा, सिंचाई और नियमित देखभाल भी सुनिश्चित की जाए। ऐसे स्थानों का चयन किया जाए, जहां पौधों का लंबे समय तक संरक्षण हो सके और वे विकसित होकर गांवों के पर्यावरण को बेहतर बनाने में योगदान दें।
सेवा कार्यों में अधिक से अधिक नागरिकों की भागीदारी
श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान को केवल स्वच्छता और पौधारोपण तक सीमित न रखते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग की जरूरतों से जोड़ना होगा। रक्तदान, स्वच्छता, पौधारोपण, स्वास्थ्य जांच, जल संरक्षण, जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा और बुजुर्गों की सहायता जैसे सेवा कार्यों में अधिक से अधिक नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि हमारा प्रत्येक छोटा सेवा प्रयास समाज के अंतिम व्यक्ति तक संवेदना और सहयोग पहुंचाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। सेवा को संस्कार और जनभागीदारी को शक्ति बनाकर ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प को साकार करने में सभी अपना योगदान दें।
स्वच्छता और हरियाली बने गांवों की पहचान
श्रीमती चिटनिस ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से स्वच्छता, कचरा प्रबंधन और पौधारोपण को जनभागीदारी से जनअभियान बनाया जाए। स्वच्छ गांव और हरित वातावरण ग्रामीण विकास की महत्वपूर्ण पहचान बनें। अभियान के दौरान की जाने वाली गतिविधियां केवल निर्धारित अवधि तक सीमित न रहें, बल्कि आगे भी निरंतर जारी रहें।
पंचायतवार विकास कार्यों की भी समीक्षा
बैठक में सेवा संकल्प अभियान के साथ पंचायतवार विकास कार्यों की प्रगति, पूर्व में दिए गए निर्देशों के पालन और ग्रामीण क्षेत्रों की स्थानीय समस्याओं की भी समीक्षा की गई। श्रीमती चिटनिस ने अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सरपंचों एवं सचिवों से जमीनी स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने पूर्व बैठकों में दिए गए निर्देशों के क्रियान्वयन, लंबित कार्यों, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं पूर्णता की समयसीमा की जानकारी लेते हुए कहा कि स्वीकृत कार्य केवल कागजों तक सीमित न रहें, बल्कि उनका प्रत्यक्ष लाभ ग्रामीणों को दिखाई देना चाहिए।
गांव की समस्या गांव में ही हो निराकृत
श्रीमती चिटनिस ने ग्रामीणों की स्थानीय समस्याओं के त्वरित निराकरण पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को छोटी-बड़ी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। पंचायत स्तर पर सामने आने वाली समस्याओं को संबंधित विभाग गंभीरता से लें और आपसी समन्वय से उनके समाधान की दिशा में कार्य करें। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राही तक पहुंचाना प्राथमिकता है। पात्र हितग्राहियों की पहचान कर उन्हें योजनाओं की जानकारी देने और लाभ दिलाने की प्रक्रिया को प्रभावी बनाया जाए, ताकि कोई पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित न रहे।
श्रीमती चिटनिस ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से सेवा को संस्कार, सहयोग को संबल और जनभागीदारी को शक्ति बनाते हुए गांवों को स्वच्छ, हरित और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जाएं। उन्होंने सभी से अभियान को जनआंदोलन बनाने के लिए सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button