
नए मीटरों के बाद बढ़े बिजली बिलों की जांच सहित 12 मांगों को लेकर ताप्ती सेवा समिति ने सौंपा ज्ञापन
नए मीटरों के बाद बढ़े बिजली बिलों की जांच सहित 12 मांगों को लेकर ताप्ती सेवा समिति ने सौंपा ज्ञापन
बुरहानपुर। बुरहानपुर शहर एवं क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था के आधुनिकीकरण, उपभोक्ताओं को आ रहे बढ़े हुए विद्युत बिलों की जांच, कमजोर विद्युत लाइनों के सुधार तथा पर्याप्त प्रशिक्षित लाइन स्टाफ की उपलब्धता सहित 12 सूत्रीय मांगों को लेकर ताप्ती सेवा समिति, बुरहानपुर द्वारा आज मध्य प्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड के अधीक्षण यंत्री, बुरहानपुर वृत को ज्ञापन सौंपा गया।
समिति ने ज्ञापन के माध्यम से विशेष रूप से नए विद्युत मीटर लगाए जाने के बाद अनेक उपभोक्ताओं के बिजली बिलों में अचानक एवं अत्यधिक वृद्धि होने की शिकायतों को गंभीरता से उठाया। समिति ने मांग की कि ऐसे उपभोक्ताओं के मीटर, रीडिंग, तकनीकी शुद्धता, बिलिंग प्रक्रिया एवं वास्तविक विद्युत खपत की जांच कर असामान्य बिलों में नियमानुसार सुधार किया जाए।
ज्ञापन में बुरहानपुर शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पुरानी और कमजोर विद्युत लाइनों को बदलने, कम क्षमता वाले तारों एवं विद्युत नेटवर्क को मजबूत करने, बार-बार फॉल्ट वाले क्षेत्रों में स्थायी समाधान करने तथा मकानों के अत्यधिक करीब से गुजर रही विद्युत लाइनों को सुरक्षित दूरी पर करने की मांग भी की गई।
समिति ने कहा कि बढ़ती आबादी और घरों, दुकानों एवं प्रतिष्ठानों में बढ़ते विद्युत उपकरणों के उपयोग को देखते हुए विद्युत वितरण व्यवस्था की क्षमता में भी विस्तार आवश्यक है।
ताप्ती सेवा समिति ने कहा कि उपभोक्ताओं को सही मीटरिंग, वास्तविक खपत पर आधारित पारदर्शी बिलिंग, सुरक्षित विद्युत व्यवस्था और समय पर शिकायत निवारण की सुविधा मिलना आवश्यक है।
इस अवसर पर श्रीमती सरिता भगत संरक्षक, राजीव खेड़कर, मंसूर सेवक, सचिव धर्मेंद्र सोनी, प्रेमलता साकले उपाध्यक्ष, देवचंद शर्मा, विनय पुनीवाला, अत्ताउल्लाह खान, डॉ यूसुफ खान, विवेक हकीम प्रवक्ता, सचिन सोनगिरकर, राजकुमार बचवानी आदि लोग मौजूद थे।
— ताप्ती सेवा समिति, बुरहानपुर



