शाहपुर

खामनी बनेगा “सोलर मॉडल

बुरहानपुर का खामनी बनेगा “सोलर मॉडल गाँव”-अर्चना चिटनिस
बुरहानपुर। बुरहानपुर के ग्राम खामनी में अब हर घर सौर ऊर्जा से जगमगाएगा। विधायक अर्चना चिटनिस (दीदी) के मार्गदर्शन में ग्राम खामनी को “सोलर पैनल मॉडल ग्राम” के रूप में विकसित करने की दिशा में आज एक महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया जा रहा है। सोलर मॉडल विलेज अंतर्गत चुने जाने वाले गांव के विकास कार्यों के लिए 1 करोड़ रुपए मिलेंगे। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत सबसे अधिक सोलर पैनल लगाने वाले गांव को प्राथमिकता दी जाएगी।
ग्राम पंचायत भवन खामनी में आयोजित बैठक में भोपाल से आए ऊर्जा विभाग के अधिकारियों, जनपद पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामवासियों ने मिलकर इस महत्वाकांक्षी परियोजना की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में ग्रामीणों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। सभी ने एक स्वर में संकल्प लिया कि: ग्राम खामनी को सौर ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाकर पूरे क्षेत्र के लिए एक प्रेरक उदाहरण बनाएंगे।”
श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना को बढ़ावा देने के लिए केंद्र व राज्य सरकार लोगों को लगातार प्रोत्साहित कर रही है। योजना को गति देने के लिए विभिन्न स्तरों पर प्रचार-प्रसार भी किया जा रहा है। इसी क्रम में बुरहानपुर जिले क ग्राम पंचायत खामनी को सोलर मॉडल विलेज के रूप में चयनित किया गया है। श्रीमती चिटनिस ने कहा कि यह योजना न सिर्फ बिजली की बचत करेगी, बल्कि ग्रामीणों के बिजली बिल में कमी, स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी मील का पत्थर साबित होगी। ग्राम खामनी को सौर ऊर्जा से आत्मनिर्भर बनाने की यह पहल अब बुरहानपुर जिले में हरित ऊर्जा क्रांति की नई शुरुआत बनने जा रही है।
बैठक में जनपद पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रदीप पाटिल, जिला पंचायत सदस्य किशोर पाटिल, जनपद पंचायत सदस्य दिवाकर सपकाले, जनपद पंचायत सीईओ दुर्गेश भूमरकर, ग्राम के सरपंच, उपसरपंच, सचिव, ऊर्जा संरक्षण अधिकारी, विद्युत विभाग के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

दिनांक:- 10 अक्टूबर 2025

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button