बुरहानपुर

जनजाग्रति संस्था ने शिक्षकों के समर्पण को सराहा, कहा—असाधारण शिक्षकों का सम्मान संस्था के लिए गौरव का क्षण

जनजाग्रति संस्था ने शिक्षकों के समर्पण को सराहा, कहा—असाधारण शिक्षकों का सम्मान संस्था के लिए गौरव का क्षण
बुरहानपुर, नि.प्र. – समाजसेवा के क्षेत्र में जिले की अग्रणी संस्था जनजाग्रति संस्था बुरहानपुर द्वारा दिव्यांग शिक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं समर्पित सेवाएं देने वाले शिक्षकों का सम्मान किया गया। सम्मान समारोह जायंट्स चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा संचालित मूक-बधिर एवं दृष्टिबाधित विद्यालय के सभागार में आयोजित किया गया ।
समारोह को संबोधित करते हुए जनजाग्रति संस्था के संरक्षक एवं संस्थापक अध्यक्ष महेंद्र जैन ने कहा कि वर्ष 1994 से वर्तमान तक अनेक शिक्षकों ने अपना जीवन दिव्यांग बच्चों को शिक्षित कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में समर्पित किया है। इन शिक्षकों का योगदान समाज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। सीमित संसाधनों और दान के माध्यम से संचालित विद्यालय में इन शिक्षकों द्वारा निरंतर सेवाएं देना उनके समर्पण और सेवाभाव को दर्शाता है। इसी का परिणाम है कि विद्यालय से शिक्षा प्राप्त करने वाले अनेक विद्यार्थी आज शासकीय एवं अशासकीय संस्थाओं में अपनी सेवाएं देकर आत्मनिर्भर जीवन जी रहे हैं ।
संरक्षक एवं सलाहकार डॉ. फौजिया सोडावाला ने कहा कि दिव्यांग बच्चों को शिक्षा प्रदान करना एक पुनीत कार्य है। शिक्षा ज्ञान का वह सागर है, जिसके माध्यम से विद्यार्थी अपने जीवन को नई दिशा देकर आत्मनिर्भर बनने में सफल होते हैं। शिक्षकों का यह सेवाभाव समाज के लिए प्रेरणादायी है । जनजाग्रति संस्था की अध्यक्ष डॉ. किरण सिंह ने कहा, “आज मुझे इस बात का गर्व है कि हमारी संस्था उन शिक्षकों का सम्मान कर रही है, जिनकी सेवाओं का मूल्य असाधारण है। ऐसे शिक्षकों का सम्मान करना संस्था के लिए बड़े गौरव का क्षण है ।” इस अवसर पर विद्यालय के सम्मानित शिक्षकगण, जनजाग्रति संस्था के सदस्य एवं पदाधिकारी शोभा चौधरी, कैलाश अग्रवाल, देवचंद शर्मा, सदाशिव गुप्ता, उर्मिला दुबे एवं विनय सूर्यवंशी सहित विद्यालय के दिव्यांग छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे । कार्यक्रम का सफल एवं सुंदर संचालन संस्था के उपाध्यक्ष सुनील सलूजा ने किया। कार्यक्रम की जानकारी संस्था अध्यक्ष डॉ. किरण सिंह ने दी ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button