बुरहानपुर

बुरहानपुर शनवारा चौराहा से लालबाग थाना तक सीसी रोड निर्माण को लेकर महापौर ने की अहम बैठक

शनवारा चौराहा से लालबाग थाना तक सीसी रोड निर्माण को लेकर महापौर ने की अहम बैठक

बुरहानपुर। नगर निगम के एमआईसी हॉल में आज महापौर श्रीमती माधुरी अतुल पटेल ने लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों, नगर निगम के अधिकारियों एवं इंजीनियरों के साथ शनवारा चौराहा से लालबाग थाना तक प्रस्तावित सीसी रोड निर्माण कार्य के संबंध में समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में निर्माण कार्य की रूपरेखा, गुणवत्ता तथा समयसीमा को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक के दौरान लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने जानकारी दी कि सड़क निर्माण कार्य को चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा। पहले एक साइड का निर्माण पूर्ण कर उसे ट्रैफिक के लिए खोल दिया जाएगा, उसके बाद दूसरी साइड का निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा, जिससे आवागमन प्रभावित न हो। वहीं पाण्डरोल पुलिया पर विशेष वीआरसी (कंक्रीट) लेयर बिछाई जाएगी, जिससे पुलिया के दोनों सिरों का लेवल बराबर हो सके और आवागमन सुगम हो।

इसके अलावा सिंधी बस्ती चौराहे पर सड़क की मार्किंग कर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई भी की जाएगी, ताकि सड़क चौड़ी एवं व्यवस्थित रूप से विकसित की जा सके।

बैठक में यह भी तय किया गया कि सड़क निर्माण के साथ-साथ नगर निगम द्वारा समग्र अधोसंरचना विकास कार्य भी किए जाएंगे। इसके अंतर्गत शनवारा चौराहा से लालबाग रेलवे स्टेशन तक सर्विस रोड का निर्माण, रोड साइड ड्रेनेज सिस्टम, यूटिलिटी डक्ट, व्यवस्थित फुटपाथ, ड्रेनेज लाइन, विद्युत पोल की स्थापना, आधुनिक साइनेंज तथा स्ट्रीट फर्नीचर जैसे कार्य भी किए जाएंगे, जिससे क्षेत्र का समग्र विकास हो सके और नागरिकों को बेहतर शहरी सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

महापौर श्रीमती माधुरी पटेल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं मानकों के अनुरूप पूर्ण किया जाए, ताकि शहरवासियों को बेहतर और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके। उन्होंने इस महत्वपूर्ण परियोजना को शहर के विकास की दृष्टि से प्राथमिकता के साथ पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में महापौर श्रीमती माधुरी अतुल पटेल, पूर्व महापौर श्री अतुल पटेल, निगम आयुक्त संदीप श्रीवास्तव, लोक निर्माण विभाग की कार्यपालन यंत्री श्रीमती पद्मा रेखा श्रीवास्तव, उपयंत्री श्री अश्विनी सोनवीज, श्री कैलाश तायड़े निगम सहायक यंत्री अशोक पाटिल, गोपाल महाजन, जनसंपर्क अधिकारी हरिश मोरे, नगर निगम के इंजीनियर एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button