बुरहानपुर

अर्वाचीन इंडिया स्कूल का दीक्षांत समारोह-सपनों की उड़ान को मिला नया आकाश

अर्वाचीन इंडिया स्कूल का दीक्षांत समारोह-सपनों की उड़ान को मिला नया आकाश
बुरहानपुर। शिक्षा, संस्कार और अनुशासन की त्रिवेणी अर्वाचीन इंडिया स्कूल ने अपने वार्षिक दीक्षांत समारोह के माध्यम से विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की ओर एक सशक्त कदम बढ़ाया। इंदिरा कॉलोनी स्थित गोविंदजीवाला ऑडिटोरियम में आयोजित इस भव्य समारोह में 500 से अधिक विद्यार्थी, अभिभावक, शिक्षक एवं गणमान्य अतिथियों की गरिमामय उपस्थिति रही। पूरा परिसर उत्साह, गर्व और भावनात्मक क्षणों से सराबोर नजर आया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों द्वारा मोमबत्ती प्रज्ज्वलन किया गया, जो उनके शैक्षणिक सफर की पूर्णता एवं नए जीवन अध्याय के आरंभ का प्रतीक रहा। इस दृश्य ने उपस्थित अभिभावकों को भावुक कर दिया।
समारोह की मुख्य अतिथि संयुक्त कलेक्टर श्रीमती पल्लवी पुराणिक ने अपने संबोधन में अर्वाचीन इंडिया स्कूल की प्रशंसा करते हुए कहा यह विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि संस्कार, अनुशासन और नेतृत्व निर्माण की उत्कृष्ट प्रयोगशाला है। यहां के विद्यार्थी आत्मविश्वास, सभ्यता और जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ते हैं। यह संस्थान बुरहानपुर जिले के शैक्षणिक मानचित्र पर गौरव का स्थान रखता है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे जीवन में जो भी लक्ष्य चुनें, उसे ईमानदारी, समर्पण और राष्ट्रसेवा की भावना के साथ प्राप्त करें।
विशिष्ट अतिथि डॉ. आई.एल. मुंद्रा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा आज का दीक्षांत समारोह आपके जीवन की दिशा तय करने वाला महत्वपूर्ण क्षण है। शिक्षा केवल रोजगार प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि सोच, दृष्टि और चरित्र निर्माण की प्रक्रिया है। अर्वाचीन इंडिया स्कूल ने विद्यार्थियों को ज्ञान के साथ संस्कारों की भी मजबूत नींव दी है। उन्होंने विद्यार्थियों को सतत सीखते रहने, अनुशासन अपनाने और समाज के लिए उपयोगी नागरिक बनने की प्रेरणा दी।
विद्यालय की निदेशक श्रीमती राखी मिश्रा ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में विद्यार्थियों को आत्मविश्वास, परिश्रम और सकारात्मक सोच के साथ लक्ष्य प्राप्ति का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि आज आप विद्यालय से विदा हो रहे हैं, लेकिन यहाँ मिले संस्कार, मूल्य और शिक्षा जीवनभर आपके साथ रहेंगे।
हेड बॉय एवं हेड गर्ल ने विद्यालय के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए साथियों को निरंतर प्रगति की शुभकामनाएं दीं। डिप्टी हेड बॉय एवं डिप्टी हेड गर्ल ने शिक्षकों के मार्गदर्शन को अपनी सफलता का मूल बताया।
इस अवसर पर रेडक्रॉस सोसायटी बुरहानपुर के अध्यक्ष सुमित बोरले एवं अमित मिश्रा ने भी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं तथा विद्यालय के शैक्षणिक प्रयासों की सराहना की।
अभिभावकों ने विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अर्वाचीन इंडिया स्कूल ने उनके बच्चों को केवल शिक्षा ही नहीं, बल्कि संस्कार और आत्मविश्वास भी प्रदान किया है।
कार्यक्रम का समापन श्रीमती दीप्ति पोडियन द्वारा आभार प्रदर्शन एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। अंत में समस्त शिक्षकों एवं स्टॉफ ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की।
दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों के लिए न केवल उपलब्धि का उत्सव रहा, बल्कि जीवन में नई उड़ान भरने की प्रेरणा का प्रतीक भी बना।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button