बुरहानपुर के 59476 किसानों के खाते में 11 करोड़ 89 लाख 52 हजार रूपए हस्तांतरित-अर्चना चिटनिस
बुरहानपुर। आज का दिन किसानों के लिए बेहद खास रहा। क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने तमिलनाडु के कोयंबत्तूर से सिंगल क्लिक के माध्यम से देश के 9 करोड़ से अधिक किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि योजनांतर्गत 18 हजार करोड़ से अधिक की धनराशि डीबीटी के माध्यम से सीधे उनके खातों में में 21वीं किस्त हस्तांतरित की। इस अवसर पर बुरहानपुर में जिला स्तरीय कार्यक्रम जिला पंचायत के सभा कक्ष में आयोजित हुआ। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी) ने किसानों से संवाद किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव का लाईव संबोध का प्रसारण भी हुआ। इस अवसर पर श्रीमती चिटनिस ने राष्ट्रीय खाद सुरक्षा मिशन दलहन अंतर्गत किसानों को निःशुल्क चना बीज का वितरण भी किया। किसानों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव का आभार जताया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष गंगाराम मार्काे, जनपद पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रदीप पाटिल एवं कृषि विभाग के उपसंचालक मनोहर देवके सहित कृषकगण उपस्थित रहे।
श्रीमती अर्चना चिटनिस ने बताया कि बुरहानपुर जिले के 59 हजार 476 पात्र कृषकों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि एवं मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना का लाभ प्राप्त हो रहा है। आज 11 करोड़ 89 लाख 52 हजार रूपए इन किसानों के बैंक खाते में 21वीं किस्त हस्तांतरित की गई है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना एवं मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजन से बुरहानपुर जिले के किसानों को बड़ा लाभ हो रहा है। श्रीमती चिटनिस ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजनांतर्गत प्रत्येक पात्र हितग्राही को 6 हजार रुपए प्रतिवर्ष (3 किस्तों में) तथा मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजनांतर्गत 4 हजार रुपए प्रतिवर्ष (2 किस्तों में) दिए जा रहे हैं। दोनों योजनाओं को मिलाकर किसानों को कुल 10 हजार रुपए प्रतिवर्ष की सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
श्रीमती अर्चना चिटनिस ने बताया कि फरवरी 2019 से लागू की गई योजनांतर्गत अब तक प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि अंतर्गत हितग्राहियों को 175.35 करोड़ रुपए तथा मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के हितग्राहियों को 90.73 करोड़ रुपए की राशि वितरित की जा चुकी है। इन योजनाओं से जिले के किसानों को आर्थिक सुदृढ़ता एवं कृषि कार्यों में सहायता मिल रही है। उन्होंने कहा कि किसान सम्मान निधि जैसी योजनाएं किसानों को न केवल आर्थिक सहयोग प्रदान करती हैं, बल्कि उन्हें तकनीकी रूप से सशक्त बनाने, आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपनाने और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में भी प्रेरित करती हैं। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकारों के इस समन्वित प्रयास की सराहना की, जिसके परिणामस्वरूप किसानों को लगातार समय पर लाभ मिल रहा है।
श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कहा कि यह योजना उस दौर से एक बड़ा बदलाव दिखाती है, जब मध्यप्रदेश जैसे राज्यों में किसानों को खेती करने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। वर्ष 2003 के आसपास, प्रदेश में बिजली सिर्फ दो घंटे के लिए आती थी, जिससे सिंचाई लगभग असंभव थी। न ही अच्छी सड़कें थीं और न ही पर्याप्त बांध थे, जो कृषि को एक चुनौतीपूर्ण पेशा बना रहे थे। आज, भारतीय जनता पार्टी की सरकार की प्रतिबद्धता के कारण इन क्षेत्रों में भारी सुधार हुआ है। बेहतर बिजली आपूर्ति, पक्की सड़कें और नए बांधों का निर्माण किसानों के जीवन में खुशहाली ला रहा है। ये बुनियादी ढाँचा किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुँचाने और सिंचाई की समस्या को हल करने में मदद करते हैं, जिससे उनकी आय में वृद्धि होती है। इन प्रयासों से यह स्पष्ट है कि सरकार किसानों के जीवन स्तर को सुधारने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है, जिससे भारत को कृषि क्षेत्र को मजबूती मिल रही है।
प्राकृतिक खेती मेरे दिल के बहुत करीब का विषय-पीएम श्री नरेन्द्र मोदी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा, प्राकृतिक खेती मेरे दिल के बहुत करीब का विषय है। मैं तमिलनाडु के सभी किसानों को इस अद्भुत दक्षिण भारत प्राकृतिक खेती शिखर सम्मेलन के आयोजन के लिए हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। मैं प्रदर्शनी देख रहा था। मुझे कई किसानों से बात करने का अवसर मिला। किसी ने मैकेनिकल इंजीनियरिंग की है, पीएचडी की है और फिर खेती कर रहे हैं, कोई नासा छोड़कर खेती कर रहा है, वे कई युवाओं को तैयार कर रहे हैं और प्रशिक्षित कर रहे हैं। नरेन्द्र मोदी ने कहा, आने वाले वर्षों में मैं भारत की कृषि में कई बड़े बदलाव होते देख सकता हूं। भारत प्राकृतिक खेती का वैश्विक केंद्र बनने की राह पर है। हमारी जैव विविधता एक नया आकार ले रही है, देश के युवा कृषि को एक आधुनिक, व्यापक अवसर के रूप में देख रहे हैं। इससे देश की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बड़ा बढ़ावा मिलेगा। पीएम मोदी ने कहा, पिछले 11 वर्षों में देश के संपूर्ण कृषि क्षेत्र में व्यापक परिवर्तन आया है। हमारा कृषि निर्यात लगभग दोगुना हो गया है। कृषि को आधुनिक बनाने के लिए सरकार ने किसानों के समर्थन के सभी रास्ते खोल दिए हैं।
बुरहानपुर के 59476 किसानों के खाते में 11 करोड़ 89 लाख 52 हजार रूपए हस्तांतरित-अर्चना चिटनिस


